समाचार · मध्य प्रदेश
देवास के बिलावली महाकालेश्वर मंदिर में सावन सोमवार पर भीड़:स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन को पहुंचे कांवड़िए; मान्यता- महाशिवरात्रि पर तिलभर बढ़ता है आकार
देवास के बिलावली स्थित प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर में सावन सोमवार के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे और जलाभिषेक किया। सावन सोमवार को लेकर मंदिर में भगवान महाकालेश्वर का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से आरती संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर जल, बिल्वपत्र सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। कई कावड़ यात्री भी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विशेष श्रृंगार कर आरती की गई
मंदिर के पुजारी कपिल शर्मा ने बताया कि सावन सोमवार के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। भगवान का विशेष श्रृंगार कर आरती की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कावड़ यात्री मंदिर पहुंचे तथा भगवान शिव को जल अर्पित किया। बिलावली का महाकालेश्वर मंदिर प्राचीन होने के साथ ही श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, यहां स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है और धरती से प्रकट हुआ था। श्रद्धालुओं में यह भी मान्यता है कि शिवलिंग का आकार हर वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर तिलभर बढ़ता है। इसी आस्था के चलते सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।