समाचार · मध्य प्रदेश
शिक्षा और पेपर लीक थीम पर गणेश पंडाल:लाइब्रेरी में छात्रों के साथ पढ़ते बप्पा की झांकी; लिखा-'पैसों का खेल मेहनत पर भारी'
बालाघाट के सरस्वती नगर में अष्टविनायक गणेश उत्सव समिति ने इस बार शिक्षा की थीम पर गणेश पंडाल बनाया है। यहां भगवान गणेश की प्रतिमा के हाथों में किताब है, जिस पर 'ज्ञान ही शक्ति है' का संदेश लिखा है। यह पंडाल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 16 साल से गणेशोत्सव मना रही समिति समिति पिछले 16 सालों से गणेशोत्सव मना रही है, लेकिन इस साल की शिक्षा थीम खास तौर पर लोगों को खींच रही है। पंडाल में झांकी के जरिए युवाओं ने संदेश दिया है कि 'रोटी चाहे एक वक्त की कम खाओ, पर अपने देश के हर बच्चों को स्कूल जरूर पहुंचाओ'। साथ ही लिखा है, 'जहां ज्ञान बिकने लगे, वहां भविष्य रोने लगता है, मेहनत का सम्मान हो, प्रतिभा की पहचान हो'। पेपर लीक पर युवाओं ने उठाया सवाल पंडाल की सजावट में नीट पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया गया है। यहां लिखा है, 'पेपर लीक-पैसों का खेल- मेहनत पर भारी, कब तक चलेगी लाचारी'। इसके ऊपर एक और संदेश है, 'मेहनत का सम्मान हो, हमारा पंडाल किसी के खिलाफ नहीं, मेहनती बच्चों के साथ है'। इसमें भगवान गणेश से हर बच्चे की मेहनत सफल करने की प्रार्थना भी की गई है। ‘हर बच्चे को स्कूल तक पहुंचाना चाहिए’ समिति के अध्यक्ष अनमोल वासु ने बताया कि 28 बाई 30 फीट के इस पंडाल में शिक्षा का संदेश देती गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि अक्सर बच्चे किसी वजह से स्कूल नहीं जा पाते हैं। गणेश उत्सव के जरिए हमने यह संदेश दिया है कि ऐसे बच्चों की मदद कर उन्हें स्कूल तक पहुंचाना चाहिए। समिति के अध्यक्ष ने साफ किया कि पंडाल में दिया गया संदेश किसी व्यक्ति, संस्था या समाज के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटना नहीं होनी चाहिए, क्योंकि विद्यार्थी अपनी पूरी जिंदगी पेपर की तैयारी में लगा देते हैं और जब पेपर लीक होता है, तो उनका जीवन बर्बाद हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समिति मेहनती बच्चों के साथ है। युवाओं ने कहा- हर बच्चे को मिले पूरा अवसर समिति से जुड़े अजय कुमार बारिया ने कहा कि पेपर लीक के बाद बच्चों पर पड़ने वाला असर सभी ने देखा है। कई बच्चे कर्ज लेकर पढ़ाई करते हैं। कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षित होने और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। शिक्षिका गुरदीप कौर ने भी थीम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा पर सभी बच्चों का समान अधिकार है। दर्शनार्थियों ने भी सराहा संदेश गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे एमएल भाटी ने कहा कि पंडाल की थीम को लोगों को समझना चाहिए। यह केवल झांकी नहीं, बल्कि ज्ञान का संदेश है। बालाघाट में 80 से ज्यादा स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पंडालों में पहुंच रहे हैं। इनमें अष्टविनायक समिति का शिक्षा थीम वाला पंडाल खास आकर्षण बना हुआ है। बच्चों ने बनाई गणेश प्रतिमा, सोशल मीडिया पर छाई बालाघाट में गणेशोत्सव की धूम है। शहर में 80 से ज्यादा स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। कई जगह भव्य पंडाल सजाए गए हैं, तो कुछ पंडालों में शिक्षा और जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। वहीं जिला पंचायत और एसपी कार्यालय के बीच बच्चों ने स्वनिर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित की है। छोटे से मंडप में विराजित यह प्रतिमा बच्चों की भगवान गणेश के प्रति भक्ति और आस्था को दर्शाती है। बच्चों की बनाई गणेश प्रतिमा सोशल मीडिया पर भी खासी वायरल हो रही है।