समाचार · हरियाणा
गर्लफ्रेंड का गर्भपात करवाने वाली फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार:सोनीपत के गोहाना में अवैध क्लिनिक चला रही थी; प्रेमी-प्रेमिका पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
हरियाणा के हिसार में लिव-इन में रह रही प्रेमिका का अवैध रूप से गर्भपात करवाने और नवजात को ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार करने के बाद अब हिसार पुलिस ने उस महिला को भी दबोच लिया है, जिसने युवती को गर्भपात की दवाई दी थी। आरोपी महिला गोहाना में 'कृष्णा क्लिनिक' नाम से अवैध क्लिनिक चला रही थी। मामले की शुरुआत 8 जुलाई को हुई, जब पुलिस ने हिसार के ऋषि नगर और सेक्टर-14 क्षेत्र से नवजात को फेंकने की कोशिश करते हुए आरोपी प्रेमी अनिल कुमार (29) निवासी गांव नियाणा को रंगे हाथों पकड़ा था। अनिल और उसकी प्रेमिका पिछले 7 सालों से प्रेम-प्रसंग में थे और हिसार में लिव-इन में रह रहे थे। प्रेमिका के गर्भवती होने पर लोकलाज और सामाजिक बदनामी के डर से दोनों ने गर्भपात कराने की साजिश रची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रेमी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया था। गोहाना से क्लिनिक संचालिका गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका से कड़ाई से पूछताछ की, तो इस पूरे नेटवर्क की कड़ी गोहाना से जुड़ी। प्रेमी जोड़े ने गोहाना के बड़ौदा रोड स्थित कृष्णा क्लिनिक से संपर्क किया था। क्लिनिक चलाने वाली महिला ने बिना किसी मान्य डॉक्टरी डिग्री, मेडिकल जांच या कानूनी प्रक्रिया के, पैसों के लालच में युवती को गर्भपात की हैवी डोज दवाइयां दी थीं। दवाइयों के असर से युवती को समय से पहले तेज दर्द उठा और उसने शिशु को जन्म दिया, जिसे बाद में झाड़ियों, श्मशान घाट के पास फेंकने की साजिश रची गई। सोनीपत की रहने वाली है आरोपी महिला
हिसार पुलिस की विशेष टीम ने गोहाना स्थित क्लिनिक पर छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार किया। महिला की पहचान गीता पत्नी भूषण, निवासी नीलम सिनेमा के पास, बड़ौदा रोड, सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया गया है।