Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खरगोन में 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों की रैली:ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की मांग; बोले- खंडवा-बड़वानी में केंद्र तो यहां क्यों नहीं

INT News22 September 2026 at 01:48 pm

खरगोन जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर प्रतियोगी परीक्षाओं के 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रैली निकाली। उन्होंने ऑनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि खंडवा और बड़वानी में केंद्र हैं, तो खरगोन में क्यों नहीं? दोपहर करीब 12:30 बजे युवा नारेबाजी करते हुए एसडीएम दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम खरगोन एसडीओपी सौरभ तोमर को अपनी मांगें बताईं और उनके समाधान की मांग की। एसडीओपी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या शासन तक पहुंचाई जाएगी। बोले- बसों में डेढ़ गुना किराया बढ़ा

अभ्यर्थियों ने बताया कि आने वाले दिनों में ईसीबी, सीपीसीटी और पुलिस भर्ती सहित कई परीक्षाओं के शेड्यूल हैं। केंद्र नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कतें होंगी। यात्री बसों का किराया डेढ़ गुना तक बढ़ गया है, जिससे ज्यादातर गरीब और किसान वर्ग के प्रतिभागियों को आर्थिक दिक्कतें आ रही हैं। रूपखेड़ा की पायल वास्कले ने बताया कि किसान परिवारों के बच्चों को इंदौर या अन्य केंद्र मिलने से परेशानी होती है। कई बच्चों की परीक्षाएं छूट जाती हैं। झिरनिया के प्रेम चूड़ावत ने कहा कि किसानों को सही दाम नहीं मिल रहा है, ऐसे में आर्थिक समस्याएं और बढ़ जाती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की सुविधा नहीं मिली तो वे आंदोलन करेंगे।