Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

बठिंडा में ई-रिक्शा चालक को लूटने वाले तीन गिरफ्तार:सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठे, CCTV और टेक्निकल जांच से खुलासा, ई-रिक्शा-मोबाइल बरामद

INT News22 September 2026 at 01:50 pm

बठिंडा में ई-रिक्शा चालक को सवारी बनकर लूटने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले बस स्टैंड से ई-रिक्शा किराये पर लिया। इसके बाद चालक को मानसा रोड स्थित 400 एकड़ इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ ले गए। सुनसान जगह पहुंचते ही चालक पर रॉड और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने चालक का पर्स, मोबाइल और अन्य सामान छीन लिया। ई-रिक्शा भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन चालक के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने CCTV फुटेज और टेक्निकल जांच के आधार पर तीनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से ई-रिक्शा, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है। बस स्टैंड से बैठी सवारी, रास्ते में रची लूट की साजिश पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी बाबा दीप सिंह नगर, सतवंत सिंह निवासी बलराज नगर और गुरप्रीत सिंह निवासी बाबा दीप सिंह नगर, बठिंडा के रूप में हुई है। गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने बस स्टैंड से ई-रिक्शा चालक बिशन सिंह को 400 एकड़ इंडस्ट्रियल एरिया जाने के लिए किराये पर लिया था। रास्ते में दोनों ने चालक को सुनसान जगह पर ई-रिक्शा रोकने के लिए कहा। इसके बाद उनका साथी सतवंत सिंह भी वहां पहुंच गया। रॉड से सिर पर वार, 10-12 टांके लगे आरोपियों ने चालक को पकड़कर उसके सिर, हाथ और टांगों पर हमला किया। उसके पर्स में करीब 3,500 रुपए, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज थे। आरोपियों ने मोबाइल भी छीन लिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसे 10 से 12 टांके लगाए गए। चालक के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। राहगीरों ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद PCR टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। CCTV से खुला राज, पहले से दर्ज हैं केस डीएसपी देहाती एचएस सरां ने बताया कि थाना सदर बठिंडा और PCR टीम ने CCTV फुटेज व टेक्निकल फॉलोअप के जरिए आरोपियों की पहचान की। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं। अब उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों और उनके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।