समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में पुलिस अभिरक्षा से भागा झोलाछाप डॉक्टर:नाबालिग की मौत का था आरोप, SP ने दिए जांच के निर्देश
दमोह जिले के रनेह थाना से मंगलवार सुबह एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी कथित तौर पर एक झोलाछाप डॉक्टर है, जिसे पुलिस सोमवार रात पूछताछ के लिए लाई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के साथ ही पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। फरार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय लीलाधर चौधरी के रूप में हुई है, जो बमनपुरा का निवासी है। उस पर दो महीने पहले एक नाबालिग बच्ची का गलत इलाज करने का आरोप है, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने लीलाधर चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे लीलाधर चौधरी थाने के अंदर से ही पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। भागते समय वह थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है, जिसके फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। एसपी ने दिए जांच के आदेश पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी लीलाधर चौधरी को बीएनएस की धारा 105 के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए थाने लाया गया था, जहां से वह फरार हो गया। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी सीसीटीवी फुटेज में भागते हुए दिखाई दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही, उस पर पुलिस अभिरक्षा से भागने का एक नया मामला भी दर्ज किया गया है। एसपी ने यह भी कहा कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं और जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।