Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीधी में 7 घंटे झमाझम बारिश:किसानों को राहत, बुवाई के लिए खेतों में नमी

INT News7 July 2026 at 01:58 pm

सीधी जिले के भंवरसेन सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला करीब सात घंटे तक लगातार जारी रहा। रिमझिम से मध्यम बारिश ने पूरे जिले को भिगो दिया। कई स्थानों पर नाले-नालियों में जल बहाव की स्थिति बनी, जबकि ग्रामीण इलाकों में आवागमन भी प्रभावित रहा। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लंबे समय से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। जानकारी के अनुसार, सीधी जिले के लगभग 480 गांवों में मंगलवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। मानसून आने के बावजूद अब तक अपेक्षित वर्षा नहीं होने से किसान बुवाई को लेकर चिंतित थे। मंगलवार की बारिश ने किसानों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है। खेतों में पर्याप्त नमी बनने के बाद अब दोबारा बुवाई का कार्य शुरू होने की संभावना है। स्थानीय किसान विकास कोल ने बताया कि मानसून आने के बाद केवल एक दिन बारिश हुई थी, जिससे खेती का काम ठप पड़ा हुआ था। मंगलवार को दिनभर हुई बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो किसान तेजी से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष खेती लगभग 15 दिन देरी से शुरू हो रही है, जिससे फसल पकने के समय कुछ चुनौतियां आ सकती हैं। कृषि विस्तार अधिकारी रामकुमार ने बताया कि मंगलवार की बारिश खरीफ सीजन के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। पर्याप्त नमी मिलने से किसानों को बुवाई में सुविधा होगी और इस वर्ष क्षेत्र में लगभग 2600 एकड़ में धान की खेती होने का अनुमान है। उन्होंने किसानों से मौसम को देखते हुए समय पर बुवाई करने और कृषि विभाग की सलाह के अनुसार उन्नत बीज एवं वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग करने की अपील की। बारिश ने जिले में बेहतर कृषि उत्पादन की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।