Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

कनाडा में दोस्त को बचाते बरनाला के युवक की मौत:जमीन बेचकर इकलौते बटे को भेजा था विदेश, शव लाने को सरकार से मदद की गुहार

INT News7 July 2026 at 01:46 pm

कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से एक बेहद दर्दनाक और वीरगति जैसी खबर सामने आई है। पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी के रहने वाले 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह की लाचीन नहर में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब लवप्रीत का एक दोस्त नहर के तेज बहाव में बहने लगा और डूबने लगा। अपने दोस्त को मौत के मुंह में जाता देख लवप्रीत ने बिना अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी। उसने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से दोस्त को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बदकिस्मती से वह खुद गहरे पानी और नहर की तेज लहरों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई।

इकलौते बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए पिता ने बेच दी थी जमीन मृतक लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और अपनी बहन का इकलौता भाई था, जिस पर पूरे घर के भविष्य का दारोमदार था। उसके पूर्व फौजी पिता बलदेव सिंह ने अपने बेटे के सुनहरे भविष्य के सपने को पूरा करने के लिए अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी दांव पर लगा दी थी। पिता ने अपनी जमीन बेचकर और करीब 29 लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज जुटाकर ढाई साल पहले लवप्रीत को वर्क परमिट पर कनाडा भेजा था। कनाडा पहुंचने के बाद लवप्रीत भी दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहा था और वहां एक कंपनी में बतौर ड्राइवर काम करके परिवार का सहारा बन रहा था। 10 दिन पहले हुई आखिरी बात, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ महज 10 दिन पहले ही लवप्रीत ने फोन पर अपने परिवार से लंबी बात की थी और घर के हालात सुधारने का भरोसा दिया था। परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था कि अपने लाडले से यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। घर के इकलौते चिराग के बुझ जाने के गम में बूढ़े माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे तपा मंडी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस वज्रपात ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। शव को पंजाब लाने के लिए सरकारों और समाजसेवियों से भावुक अपील इस गहरे दुख की घड़ी में बेबस और लाचार परिवार ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और कनाडा सरकार से मदद की गुहार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने विदेशों में रह रहे एनआरआई भाइयों और समाजसेवियों से हाथ जोड़कर बेहद भावुक अपील की है कि प्रशासनिक और आर्थिक तौर पर उनकी सहायता की जाए। पीड़ित माता-पिता की सिर्फ इतनी मांग है कि उनके लाडले के शव को जल्द से जल्द कनाडा से पंजाब उनके पैतृक गांव लाने का प्रबंध किया जाए, ताकि वे अपने आंखों के तारे का आखिरी बार चेहरा देख सकें और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर सकें।