समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर- 8 जुलाई तक तेज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट:सुबह से चल रहा झमाझम का दौर, अब तक 8.93 इंच पानी गिरा
शाजापुर जिले में मंगलवार को मौसम में अचानक बदलाव आया। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और दोपहर करीब 12 बजे तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से राहत मिली। पिछले तीन दिनों से शाम के समय बारिश हो रही थी, लेकिन मंगलवार को दिन में हुई बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार, जिले में 8 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी दिनभर तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है, जिससे गर्मी का प्रभाव कम होगा। कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वारा जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से 7 जुलाई तक जिले में कुल 62.65 इंच वर्षा दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों में शाजापुर में 8.66 इंच, मोहन बड़ोदिया में 8.62 इंच, शुजालपुर में 8.93 इंच, कालापीपल में 8.89 इंच, गुलाना में 8.18 इंच, पोलायकला में सर्वाधिक 10.84 इंच और अवंतीपुर बड़ोदिया में 8.50 इंच बारिश हुई है। लगातार हो रही इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक माना जा रहा है, जिससे किसानों को फायदा होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।