समाचार · हरियाणा
हिसार में अवैध हथियार समेत युवक गिरफ्तार:9 एमएम की पिस्टल, 6 कारतूस बरामद; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
हिसार जिले में पुलिस टीम ने बगला मोड़ के पास एक युवक को अवैध 9 एमएम पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीआईए बरवाला प्रभारी पीएसआई प्रदीप ने बताया कि एएसआई राजकुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं अपराधियों की धरपकड़ के अभियान पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव शीशवाल निवासी सुंदर ज्याणी पुत्र राधेश्याम अवैध हथियार लेकर बगला मोड़ के आसपास घूम रहा है। अवैध पिस्टल और 6 कारतूस मिले सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 9 एमएम पिस्टल और उसमें लोड 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियार और कारतूस को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 54 एवं 59 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अवैध हथियार कहां से प्राप्त किया, इसे किस उद्देश्य से अपने पास रखा था और कहीं उसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक घटनाओं से तो नहीं है। पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी गहनता से जांच कर रही है।