समाचार · हरियाणा
नारनौल में युवक अवैध देशी कट्टे सहित गिरफ्तार:सीआईए की कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
हरियाणा के नारनौल में अटेली क्षेत्र में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने एक युवक को कथित रूप से अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1)(b)(A), 54 एवं 59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बीती शाम करीब 7:40 बजे सीआईए महेंद्रगढ़ में तैनात एएसआई दीपक अपनी टीम के साथ बाछौद बाईपास क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि अटेली निवासी बोबी खोड़ गांव के अंडरपास के पास रेवाड़ी-नारनौल रोड के कच्चे रास्ते पर अवैध देशी कट्टा लेकर खड़ा है। घेराबंदी कर पकड़ा सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जीन्स की दाहिनी जेब से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार कट्टे की बैरल खाली थी और आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। किया गया सील पुलिस ने बरामद हथियार का माप लेकर उसका स्केच तैयार किया तथा उसे जब्त कर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य के तहत मौके की फोटो एवं वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना अटेली में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।