समाचार · मध्य प्रदेश
एंबुलेंस कीचड़ में फंसी, गर्भवती को लेने जा रही थी:ट्रैक्टर से टोचनकर 3 घंटे में निकाला, पुलिया निर्माण के चलते रास्ता हुआ खराब
खरगोन विधानसभा क्षेत्र में कोठा बुजुर्ग से उमरखली रोड पर बनी वैकल्पिक पुलिया पर मंगलवार को एक एंबुलेंस कीचड़ में फंस गई। उसे बाहर निकालने में करीब तीन घंटे लग गए। इस दौरान एक गर्भवती महिला की इमरजेंसी कॉल भी निरस्त करनी पड़ी। इसके बाद महिला को परिजन निजी वाहन से अस्पताल लेकर गए। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को कीचड़ से बाहर निकाला। एंबुलेंस पायलट राहुल मंडलोई ने बताया कि वह मरीज को छोड़कर लौट रहे थे। कीचड़ में फंसने के दौरान एंबुलेंस की क्लच प्लेट और अन्य पार्ट्स भी टूट गए। देखें तस्वीरें….
20 दिन से बंद पड़ा है पुलिया का काम स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले पुरानी पुलिया की खुदाई की गई थी। इसके बाद से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इसी वजह से वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही हो रही है। बारिश के कारण यह रास्ता कीचड़ में बदल गया है। यहां वाहन लगातार फंस रहे हैं और क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। 10 से ज्यादा गांवों के लोग परेशान ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से जुड़े 10 से अधिक गांवों के लोग परेशानी झेल रहे हैं। यात्री बसों का संचालन भी बंद हो गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मनोज कुमरावत ने बताया कि पुरानी पुलिया की खुदाई के बाद काम रोक दिया गया है। इस मामले में पीएमजीएसवाई के इंजीनियर संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बारिश के कारण काम में देरी हुई है। उन्होंने जल्द निर्माण कार्य फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया है।