समाचार · पंजाब
SIR के बाद 3.39 लाख वोटरों के नाम कटे:अब 23.44 लाख मतदाता,पहले लुधियाना में थे 26.83 लाख वोटर; फाइनल वोटर लिस्ट जारी
लुधियाना में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 के तहत सोमवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई। जिला प्रशासन के अनुसार, नई सूची में कुल 23,44,070 मतदाता शामिल हैं। SIR प्रक्रिया से पहले जिले में 26,83,999 मतदाता थे। इस दौरान 3,39,929 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए। 1 अक्टूबर 2026 की योग्यता तिथि के आधार पर तैयार फाइनल वोटर लिस्ट में 12,16,462 पुरुष, 11,27,537 महिला और 71 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 471 प्रवासी भारतीय (NRI) मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज हैं। जिले में कुल 3,031 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,528 शहरी और 1,503 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रधानों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्हें नई मतदाता सूची की जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2026 की फाइनल वोटर लिस्ट बिना फोटो के जिला प्रशासन की वेबसाइट www.ludhiana.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। मतदाता ऑनलाइन अपना नाम और अन्य विवरण चेक कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के कार्यालय में जाकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और गलती ठीक कराने के लिए कौन-सा फॉर्म भरें? - फॉर्म 6: 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक, जिनका नाम देश की किसी भी मतदाता सूची में नहीं है, इस फॉर्म के जरिए नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- फॉर्म 6A: विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- फॉर्म 7: मृत मतदाता का नाम हटवाने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
- फॉर्म 8: वोटर लिस्ट या वोटर आईडी कार्ड में दर्ज जानकारी ठीक कराने, पता बदलवाने और डुप्लीकेट वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। BLO या ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन इन फॉर्म को संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) के पास जमा कराया जा सकता है। इसके अलावा चुनाव आयोग के पोर्टल www.nvsp.in या ECINET प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। आवेदन के साथ आयु और निवास का प्रमाण, आवेदक की फोटो तथा अन्य जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे।