समाचार · पंजाब
पठानकोट के वार्ड-43 में बिजली संकट पर लोगों का प्रदर्शन:कम वोल्टेज से जले घरेलू उपकरण, एडीसी कार्यालय और मंत्रियों के चक्कर काट रहे लोग
शहर के वार्ड नंबर 43 स्थित पेंटेकोस्टल आईपीसी चर्च के समीप बसे नए रिहाइशी इलाके के लोग पिछले कई महीनों से बिजली की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। इलाके में सिंगल फेज और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों के घरेलू उपकरण शो-पीस बने हुए हैं। इस समस्या से परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग, स्थानीय प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया है। लोगों ने कहा कि विभाग, राजनेता और अधिकारी कोई भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा। बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी इस मुश्किल का कोई स्थाई हल नहीं निकाला गया तो वे सड़कों पर उतरने पर विवश होंगे। पंखे-एसी और वॉटर पंप ठप, इन्वर्टर भी हो रहे बंद स्थानीय निवासी गीता सहित अन्य महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि क्षेत्र में वोल्टेज इतना कम आता है कि फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे और एसी काम नहीं करते। पानी की मोटर न चलने के कारण घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। बिजली चले जाने पर कम वोल्टेज के कारण इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पाते, जिससे पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ती है। लो-वोल्टेज के कारण कई लोगों के महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फ्रिज जल चुके हैं। अधिकारियों और नेताओं के चक्कर काटने को मजबूर, नहीं हो रही सुनवाई पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे पिछले छह महीनों से लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। लोग बिजली विभाग के अधिकारियों, एक्सईएन, एडीसी और डीसी कार्यालय तक गुहार लगा चुके हैं। यहां तक कि गांव कटारूचक्क स्थित कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक्क से भी मिलकर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन हर जगह से केवल आश्वासन ही मिला है। खंभे लगवाने के नाम पर जेई पर ₹5,000 रिश्वत लेने का आरोप क्षेत्रवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए खंभे लगवाने के नाम पर संबंधित जेई ने उनसे ₹5,000 की मांग की थी। स्थानीय लोगों ने चंदा इकट्ठा करके जेई को यह राशि दी। हालांकि, जब खंभे लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो सड़क किनारे लग रहे खंभों को लेकर कुछ लोगों ने रुकावट पैदा कर दी। वहीं, स्थानीय महिला पार्षद पर भी आरोप है कि वे बार-बार फोन करने पर कॉल नहीं उठाती हैं और कोई सुनवाई नहीं कर रही हैं। क्षेत्र की झाड़ियों और नालियों की सफाई भी निवासियों को अपने पैसों से करवानी पड़ रही है। हाई-टेंशन तार टूटने से टला बड़ा हादसा विरोध प्रदर्शन के दौरान मोहल्ला निवासियों ने बताया कि हाल ही में एक भारी वाहन निकलने के कारण इलाके में लटक रही बिजली की तार टूट कर गिर गई। गनीमत यह रही कि उस समय कोई नीचे नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। मोहल्ला वासियों ने प्रशासन से चेतावनी भरे लहजे में मांग की है कि बिजली के नए खंभे लगाकर और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर तुरंत लो-वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाई जाए। यदि जल्द ही उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।