Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बना वडनगर रेलवे स्टेशन, तारंगाहिल-अंबाजी-आबू रोड के बीच 117 किमी लंबी रेल लाइन पर तेजी से चल रहा निर्माण

INT News14 November 2026 at 10:05 pm

अहमदाबाद. गुजरात के मेहसाणा जिले का ऐतिहासिक शहर वडनगर अब अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक रेल कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बनाने के साथ वडनगर रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में तारंगाहिल-अंबाजी-आबू रोड के बीच 117 किमी लंबी नई रेल लाइन का निर्माण काम तेजी से चल रहा है। हाल ही 30 अक्टूबर से 8 नवंबर तक आयोजित स्वदेशी मेला-2026 के दौरान लगभग 6,000 यात्रियों ने वडनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन यात्रा की। इससे मेले में आने वाले लोगों के साथ स्थानीय हस्तशिल्प, हथकरघा और ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिला। वडनगर-वरेठा रेलखंड से बढ़ी कनेक्टिविटी मेहसाणा-वरेठा ब्रॉडगेज रेल लाइन के तहत 55 किलोमीटर लंबे रेलखंड का आमान परिवर्तन वर्ष 2021 में 293.14 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया था। इसके विद्युतीकरण पर 74.66 करोड़ रुपए खर्च हुए। इस प्रोजेक्ट पर कुल 367.80 करोड़ रुपए की लागत आई। इस रेलखंड पर कुल 10 स्टेशन हैं। वडनगर, विसनगर, खेरालू और वरेठा में नए स्टेशन भवन बनाए गए हैं। इनके माध्यम से वडनगर, मेहसाणा के रास्ते अहमदाबाद-दिल्ली ब्रॉडगेज नेटवर्क से जुड़ा है। वर्तमान में वडनगर से तीन जोड़ी ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इनमें वरेठा-गांधीनगर कैपिटल मेमू, वडनगर-वलसाड सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन और वडनगर-बांद्रा टर्मिनस लोकशक्ति एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। वास्तुकला में ऐतिहासिक पहचान को दर्शाया वडनगर स्टेशन की वास्तुकला में शहर की ऐतिहासिक पहचान को दर्शाया गया है। पत्थरों पर आकर्षक नक्काशी, विशेष प्रवेश द्वार और लैंडस्केपिंग इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। यात्रियों के लिए 425 मीटर लंबे दो प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, कैफे, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल और प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर 529.20 वर्ग मीटर का कवर शेड है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप और अन्य सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। स्टेशन की कनेक्टिविटी वडनगर-मोढेरा-पाटण हेरिटेज सर्किट के पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। 3,050 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी नई रेल लाइन तारंगाहिल-अंबाजी-आबू रोड रेल प्रोजेक्ट को वर्ष 2022-23 में करीब 3,000 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत से मंजूर किया गया था। इसकी अंतिम संशोधित लागत लगभग 3,050 करोड़ रुपए है। इसके जरिए अंबाजी शक्तिपीठ, तारंगाहिल के जैन तीर्थस्थल, माउंट आबू और दिलवाड़ा जैन मंदिर आदि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। यह अहमदाबाद-आबू रोड के लिए वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध कराने के साथ माल ढुलाई और क्षेत्रीय परिवहन को मजबूती देगा।इस प्रोजेक्ट के तहत 15 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें 8 क्रॉसिंग स्टेशन और 7 हॉल्ट स्टेशन होंगे। पहाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाली इस लाइन पर 11 सुरंगें, 54 बड़े और 151 छोटे पुल, 8 रोड ओवरब्रिज तथा 54 रोड अंडरब्रिज या सीमित ऊंचाई वाले पुल प्रस्तावित हैं। यह रेल मार्ग विद्युतीकृत होगा। इस रेल कनेक्टिविटी से उत्तर गुजरात और राजस्थान के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापारियों, किसानों, हस्तशिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों को भी नए अवसर मिलेंगे।