Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

आसनसोल की रेणुका बंसल ने पास की ‘एक्चुअरी’ परीक्षा, 10 वर्ष बाद रंग लायी मेहनत

INT News14 July 2026 at 06:06 am

आसनसोल से राम कुमार की रिपोर्ट

Asansol Success Story: पश्चिम बंगाल के आसनसोल के नियामतपुर की रहने वाली रेणुका बंसल ने 10 वर्षों की मेहनत के बाद इतिहास रच दिया. रेणुका ने दुनिया की सबसे कठिन और जटिल पेशेवर परीक्षाओं में शुमार एक्चुअरी (Actuary) की परीक्षा पास कर पूरे शहर और राज्य का नाम रोशन किया है. रेणुका की इस शानदार उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि इरादे मजबूत हों, तो कोई भी चुनौती सफलता में बाधा नहीं बन सकती.

2016 से शुरू हुआ था कठिन सफर

रेणुका ने अपनी इस सफलता की यात्रा वर्ष 2016 में कोलकाता के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई के दौरान शुरू की थी. उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ इस कठिन पेशेवर परीक्षा की तैयारी शुरू की. 10 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2026 में उन्हें सफलता मिली.

नौकरी, पढ़ाई और असफलताएं... लेकिन हार नहीं मानी

रेणुका बंसल ने बताया कि फुल-टाइम नौकरी के साथ इतनी कठिन परीक्षा की तैयारी करना बेहद चुनौतीपूर्ण था. उन्होंने कहा- सफर के दौरान कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, जिससे निराशा भी हुई, लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी.

सबसे बड़ी चनौती फेलोशिप पेपर क्रैक करना : रेणुका

रेणुका ने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती अंतिम फेलोशिप (Fellowship) पेपर को क्रैक करने में आयी. इस अंतिम चरण को पार करने में उन्हें लगभग 2 वर्ष लगे. चौथे प्रयास में जाकर उन्हें सफलता मिली. रेणुका ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का पूरा श्रेय अपनी मां और परिवार के निरंतर सहयोग व प्रोत्साहन को दिया, जिन्होंने हर मुश्किल घड़ी में उनका हौसला बनाये रखा.

डेलॉयट में कार्यरत हैं रेणुका, अब वैश्विक उड़ान की तैयारी

वर्तमान में रेणुका डेलॉयट यूएसआई (Deloitte USI) में एक प्रमुख अमेरिकी क्लाइंट के लिए मॉडलिंग डोमेन (Modeling Domain) में सेवा दे रही हैं. उन्होंने कहा कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नये अवसर तलाशते हुए नयी ऊंचाइयों को छूना चाहती हैं.

क्या होता है एक्चुअरी का काम?

एक्चुअरी की परीक्षा भारत, यूनाइटेड किंगडम (UK) और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में आयोजित की जाती है और इसे वित्त व बीमा क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित व कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है. एक्चुअरी पेशेवर मुख्य रूप से बीमा और वित्तीय कंपनियों में वित्तीय जोखिमों का सटीक आकलन (Risk Assessment), प्रीमियम का निर्धारण (Premium Pricing), ह्यूमन लाइफ वैल्यू और जटिल गणितीय गणनाएं करते हैं.