समाचार · छत्तीसगढ़
कोपरा नगर पंचायत दफ्तर में तोड़फोड़...2 कांग्रेसी-पार्षद समेत 7 गिरफ्तार:आवास योजना और टैक्स वसूली में अनियमितता को लेकर कांग्रेसियों ने किया था प्रदर्शन-हंगामा
गरियाबंद जिले के कोपरा नगर पंचायत में तोड़फोड़ के आरोप में दो कांग्रेसी पार्षदों सहित सात कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया है। पाण्डुका पुलिस ने यह कार्रवाई नगर पंचायत के सीएमओ श्यामलाल वर्मा की शिकायत पर की है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पार्षद शिवम सिन्हा, पार्षद विक्रम साहू, कांग्रेसी नेता रूपेश साहू, योगेश साहू, रमेश सिन्हा, द्वारिका सिन्हा और खिलेश्वर साहू शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के साथ-साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं (229/1, 329/1, 329/3, 324/3, 221, 132) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसडीओपी निशा सिन्हा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सीएमओ श्यामलाल वर्मा ने 3 जुलाई को नगर पंचायत कार्यालय में तोड़फोड़ और उपद्रव मचाने की लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने का उल्लेख था। सभी आरोपियों को राजिम न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही पाण्डुका थाने में कांग्रेसी नेताओं की भीड़ जमा हो गई। जिला कार्यालय प्रभारी नीरज ठाकुर के नेतृत्व में नेताओं ने थाने पहुंचकर सभी सात आरोपियों से मुलाकात की। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। टैक्स वसूली में अनियमितता को लेकर लगाए आरोप यह घटना 3 जुलाई को हुए एक बड़े प्रदर्शन से जुड़ी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल के नेतृत्व में लगभग 100 कांग्रेसियों ने कोपरा में प्रदर्शन किया था। उन्होंने टैक्स वसूली में अनियमितता सहित 20 बिंदुओं पर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री आवास योजना के वे हितग्राही भी शामिल थे, जिनके आवास टूट चुके थे लेकिन उन्हें योजना की राशि नहीं मिली थी। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में 20 से अधिक हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवास योजना की मंजूरी मिली थी। लिखित आदेश के बाद उन्होंने अपने कच्चे मकान या झोपड़े तोड़ दिए थे। प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की सरकार बदलने के बाद उन्हें आवंटन नहीं मिला, जिसके कारण आज भी ये हितग्राही खुले में या पड़ोसियों के यहां गुजारा कर रहे हैं। इसे लेकर नगर में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश था। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने गलियों में नारेबाजी की, सीएमओ का पुतला फूंका और दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। जमानत मिलते ही फूल-माला से स्वागत कोपरा नगर पंचायत में हुए हंगामे के मामले में पकड़े गए आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद राजिम एसडीएम के सामने पेश किया गया, जहां सभी को जमानत मिल गई। जैसे ही वे दफ्तर से बाहर निकले, नगरवासियों और कुछ नेताओं ने उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।