Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार में पुलिस एसोसिएशन के मॉडर्न गेस्ट हाउस में क्या-क्या होंगी सुविधाएं? 17.53 करोड़ की लागत से होगा तैयार

INT News30 August 2026 at 09:53 am

Bihar Police Association Guest House: अपराधियों का पीछा करते हुए दूसरे जिलों या राज्यों से पटना आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए राहत की तैयारी है. केस की जांच हो, अपराधियों की गिरफ्तारी या कोर्ट में गवाही, अब ऐसे पुलिसकर्मियों को होटल में रुकने की मजबूरी कम होगी. बिहार पुलिस एसोसिएशन के 2 मैंगल्स रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय परिसर में करीब 17.53 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक गेस्ट हाउस बनाया जाएगा.

आईपीएस मेस की तर्ज पर प्रस्तावित यह भवन जी प्लस-4 होगा. बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम जमीन की नापी पूरी कर चुका है और डीपीआर भी तैयार हो गई है. प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है.

होटल में ठहरने की मजबूरी क्यों?

बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों के पास अक्सर सर्विस हथियार और कारतूस होते हैं. ऐसे में होटल में ठहरने के दौरान सुरक्षा एक चुनौती रहती है. इसी परेशानी को देखते हुए एसोसिएशन परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित और किफायती ठिकाना तैयार करने की योजना बनाई गई है. एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र सौंपे जाने के बाद परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया गया.

गेस्ट हाउस में मिलेंगी ये सुविधाएं

40 गाड़ियों की क्षमता वाली बेसमेंट पार्किंग

66 अटैच बाथरूम वाले प्राइवेट कमरे

12 डोरमेट्री, प्रत्येक में 5 बेड; कुल 60 लोगों की क्षमता

500 से अधिक लोगों की क्षमता वाला हॉल-कम-स्टेज

125 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक मीटिंग हॉल

60 लोगों की क्षमता वाला डाइनिंग हॉल

सेंट्रलाइज्ड किचन

हर फ्लोर पर 3 कैफेटेरिया

जिम और योगा सेंटर

टेरेस एरिया और झंडोत्तोलन स्थल

एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों के लिए विशेष कमरे

होटल से कई गुना सस्ता होगा ठहरना

गेस्ट हाउस में पुलिसकर्मियों को 24 घंटे के लिए 250 से 500 रुपये तक भुगतान करना होगा. सिंगल और डबल बेड कमरे उपलब्ध होंगे. जबकि मेस में एक समय के भोजन का शुल्क करीब 50 से 60 रुपये रखा जाएगा. गेस्ट हाउस की व्यवस्था के लिए कमेटी बनेगी, जिसके अध्यक्ष डीजीपी होंगे. एसोसिएशन के पदाधिकारी कमेटी के सदस्य रहेंगे और डीजीपी समय-समय पर व्यवस्था की समीक्षा करेंगे.

Also Read: बिहार में ट्यूशन-कोचिंग से हर महीने 1100 करोड़ की कमाई, सबसे ज्यादा युवाओं की भागीदारी, कौन जिला सबसे आगे?