समाचार · छत्तीसगढ़
बनियापारा वार्ड में 15 लोगों को पीलिया-टाइफाइड:गंदे पानी से बीमारी फैली, MBBS छात्र भी पीड़ित; स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची
धमतरी जिले के बनियापारा वार्ड में लगभग 15 लोगों को पीलिया और टाइफाइड की शिकायत मिली है। वार्डवासियों का आरोप है कि घरों में पाइपलाइन से गंदा पानी आने के कारण यह बीमारियां फैल रही हैं। इनमें एक एमबीबीएस छात्र भी शामिल है। प्रभावितों में देवाशीष सोनी, जिज्ञासा यादव, काजल थवाईत, सृष्टि, सुमन, सात्विक मिश्रा, युग गंगवानी, सौरभ पंसारी, दिव्या पंसारी, अहमद चौहान, अरमान चौहान, अरीज फातिमा और शिव शंकर पटेल के परिजन सहित अन्य लोग शामिल हैं। वार्डवासियों ने बताया कि दो लोग गंभीर रूप से बीमार हैं और सभी अपने खर्च पर निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम वार्ड में नहीं पहुंची वार्डवासियों का कहना है कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के कारण उन्हें खुद इलाज कराना पड़ रहा है। बीमारी से बचने के लिए लोग खरीदकर पानी पीने को मजबूर हैं। बार-बार शिकायत के बाद नगर निगम ने पाइपलाइन सुधारने का काम शुरू किया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम वार्ड में नहीं पहुंची है। पार्षद से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं वार्ड निवासी घनाराम सोनी ने बताया कि कुछ दिनों से वार्ड में बेहद गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिसमें कीड़े भी देखे गए। उन्होंने पानी का सैंपल लेकर पार्षद को शिकायत की थी, लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। सौरभ पंसारी ने बताया कि उनके घर में चार लोग पीलिया और टाइफाइड से पीड़ित हैं। उन्होंने जर्जर सड़कों और गड्ढों में भरे पानी को भी समस्या का कारण बताया। वार्डवासियों ने इसे नगर निगम और प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि इतने दिनों तक बीमारी फैलने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम का न पहुंचना चिंताजनक है। जानिए क्या बोले वार्डवासी वार्डवासी बबला पटेल ने बताया कि, पानी सप्लाई में कीड़े निकल रहे थे जिसको पार्षद को भी बुलाकर दिखाया गया था। इसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया गया और लगातार पीलिया और टाइफाइड की शिकायत आने लगी आगे कहा कि निगम की लापरवाही है जिसके चलते 15 लोग पीलिया और टाइफाइड से प्रभावित हुए है। जिसमें से दो लोग गंभीर है। वार्ड के अहमद रजा ने बताया कि वह खुद 15 दिनों से पीलिया हो गया है,और अतड़ी में इंफेक्शन हो गया था जब इलाज करवाने पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि पानी के कारण बीमारी हुई है,जिसके कारण अब पानी खरीद कर पी रहे है। पानी का सैंपल लिया गया वही नगर निगम के जल सभापति अखिलेश सोनकर का कहना है कि, वे स्वयं मौके पर जाकर वार्ड वासियों से मिलकर आए हैं। पानी का सैंपल लिया गया है। जल्द ही जांच रिपोर्ट आ जाएगी। फिलहाल वार्ड के लोगों को कहा गया है कि पाइपलाइन का पानी न पिए। नगर निगम की टीम लगातार निगरानी बनाई हुई है और पाइपलाइन सुधारने का काम किया जा रहा है।