Monday, 31 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

राहुल गांधी पर मुकदमा करने वाले अमित कुमार कौन हैं? शुद्धिकरण करने वाले संगठन से क्या लिंक

INT News31 August 2026 at 10:44 am

Haldwani Purification Row: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के दो दिन बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस में आर-पार की लड़ाई चल रही है। कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने मामले को छुआछूत से जोड़कर एफआईआर की मांग की थी। लेकिन हल्द्वानी में पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा कर लिया है। पुलिस के इस ऐक्शन पर कांग्रेस आगबबूला है। आज पार्टी के नेता-कार्यकर्ता राज्यभर में थानों-चौकियों में तहरीर देंगे और खरगे के अपमान का हवाला देते हुए मुकदमे की मांग करेंगे।कांग्रेस ने कथित 'शुद्धीकरण' को लेकर राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी के सिलसिले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर भाजपा पर सोमवार को निशाना साधा और कहा कि जातिवादी मानसिकता के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी जाएगी। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी डरने वाले नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस कदम का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब देगी।एफआईआर कराने वाले अमित कुमार कौन हैं?पुलिस ने हल्द्वानी के जवाहर नगर निवासी अमित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अमित कुमार 'श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास' से जुड़े हुए हैं। यह वही संस्था है, जिसने रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण किया था। अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आठ अगस्त की कांग्रेस की रैली के बाद मैदान में कूड़ा-कचरा और आपत्तिजनक सामग्री मिली थी। 11 अगस्त को उन्होंने अनुसूचित जाति के सदस्यों के साथ मैदान की सफाई कर हवन-पूजन किया। दावा है कि वह एससी समुदाय से हैं। आरोप लगाया कि राहुल के बयान से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कांग्रेस का ऐक्शन प्लान रेडीकुमारी शैलजा की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया है कि 31 अगस्त को सुबह 11 बजे राज्य की सभी कोतवालियों, थानों और रिपोर्टिंग चौकियों में तहरीर देकर असामाजिक तत्वों और बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा शुद्धिकरण यज्ञ किए जाने के विरोध में कांग्रेस आज प्रदर्शन करेगी। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल इस कृत्य को दलित नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान बताते हुए देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पर उपवास पर बैठेंगे।कांग्रेस का आरोप- भाजपा-आरएसएस की दलित विरोधी सोचकुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि यह कोई संयोग नहीं है, बल्कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ''दलित विरोधी और संविधान विरोधी सोच'' का बेहद गंभीर उदाहरण है।उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी ने वही सवाल उठाया जिसे खरगे स्वयं संसद में उठा चुके हैं कि 'शुद्धीकरण' के इस कृत्य ने उन्हें छुआछूत का एहसास कराया और उनका अपमान किया।'' शैलजा ने कहा, ''लेकिन भाजपा सरकार का तरीका देखिए। 'शुद्धीकरण' करने वालों पर सवाल उठाओ तो प्राथमिकी, दलित सम्मान की बात करो तो प्राथमिकी, संविधान के लिए आवाज उठाओ तो प्राथमिकी।''उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह पूरे मामले पर चुप क्यों हैं। शैलजा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस इस भ्रम में न रहें कि मुकदमों के डर से राहुल गांधी या कांग्रेस पीछे हट जाएगी। उन्होंने कहा, ''यह गांधी परिवार है, जिसका देश के लिए त्याग और बलिदान का इतिहास रहा है। प्राथमिकी और सत्ता का दबाव इस आवाज को न डरा सकता है, न दबा सकता है।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब देगी तथा 'शुद्धीकरण' की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ और दलितों के सम्मान एवं संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगी।