समाचार · मध्य प्रदेश
शाहडार जंगल में सड़क पार करते दिखा तेंदुआ:दो दिन पहले नजर आया था बाघ; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
कटनी जिले जिले के शाहडार जंगल और आसपास की सड़कों पर इन दिनों वन्यजीवों की सक्रियता बढ़ गई है। सोमवार सुबह मुख्य मार्ग पर एक तेंदुआ टहलता हुआ नजर आया। राहगीरों ने तेंदुए का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सामने आया है। तेंदुआ दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि इसी इलाके में दो दिन पहले शनिवार को एक बाघ भी सड़क के आसपास चहलकदमी करता दिखाई दिया था। लगातार दो बड़े शिकारी जानवरों के नजर आने से वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने बढ़ाई गश्त घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। जंगल और उससे सटी सड़कों पर गश्त की जा रही है। विभाग के अधिकारी वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। अकेले जंगल की ओर जाने से बचें वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से शाहडार जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की अपील की है। मोटरसाइकिल सवारों को विशेष सावधानी बरतने और संभव हो तो देर शाम तथा अलसुबह इस मार्ग से आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से कहा है कि सड़क पर तेंदुआ या बाघ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। फोटो-वीडियो बनाने के लिए वाहन रोकने से भी बचें। वन्यजीव नजर आने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना वन विभाग को दें।