समाचार · पंजाब
मतदान का महत्व और अधिकारियों के प्रति किया जागरूक
| जालंधर मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में एसवीईईपी (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी) गतिविधियों के तहत विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चुनाव एवं उनका महत्व विषय पर निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जग रूप सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा प्रीत कंवल, नोडल अधिकारी, एसवीईईपी सेल के सहयोग से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में लगभग 60 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों और जिम्मेदारियों तथा निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मतदाता की भूमिका से जुड़ी जानकारी दी गई। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारी राजीव शर्मा, गुरमीत कौर और गोकुल ने सहयोग करते हुए चुनाव संबंधी जानकारी साझा की।