समाचार · झारखंड
देवघर के गांव से आसमान तक, आलोक ने पायलट बनने की ओर बढ़ाया पहला कदम

Success Story. देवघर के सारठ प्रखंड के पत्थरड्डा पंचायत स्थित मुरकुट्टा गांव के आलोक कुमार राय ने पायलट बनने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्रशिक्षण के लिए हुआ है. झारखंड सरकार की सोना सोबरन उड़ान अकादमी (झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट), रांची की ओर से उन्हें प्रवेश की पुष्टि का पत्र जारी किया गया है. आलोक की इस सफलता से परिवार के साथ-साथ गांव में भी खुशी का माहौल है.
सोना सोबरन उड़ान अकादमी में मिला प्रवेश
अकादमी की ओर से 23 अक्टूबर को जारी प्रवेश-पुष्टि पत्र के अनुसार, आलोक ने प्रवेश से संबंधित सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. इसके बाद उनका कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रशिक्षण के लिए प्रवेश सुनिश्चित हुआ. उन्हें 20 नवंबर 2026 को दुमका हवाई अड्डा स्थित सोना सोबरन उड़ान अकादमी में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है. प्रशिक्षण अगले कार्यदिवस से शुरू होगा.
15 चयनित अभ्यर्थियों में छठे स्थान पर
आलोक कुमार राय के अनुसार, झारखंड सरकार की ओर से चयनित 15 सफल अभ्यर्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी. इन चयनित अभ्यर्थियों में आलोक का छठा स्थान है. उन्होंने बताया कि उनके प्रशिक्षण पर राज्य सरकार की ओर से करीब 70 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे. अकादमी की ओर से उन्हें प्रशिक्षण के लिए जरूरी सामग्री और फ्लाइंग किट भी उपलब्ध करायी गयी है. इसमें आईपैड, वर्दी, हेडसेट, फ्लाइट कंप्यूटर, टाइमर घड़ी समेत अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है.
ये भी पढ़ें: दो बाइक पर तीन बदमाशों की कहानी, CCTV ने खोला राज; 5.60 लाख की लूट निकली फर्जी
पिता ने कहा- बेटे की सफलता पर गर्व
आलोक के पिता भरत राय बेटे के चयन से काफी खुश हैं. उन्होंने परिवार, गांव और परिचितों के बीच बेटे की इस उपलब्धि की जानकारी साझा की. आलोक का चयन उनके करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.
आलोक अब प्रशिक्षण पूरा कर निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस हासिल करने की तैयारी करेंगे. गांव से निकलकर विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में बढ़े आलोक की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं.