समाचार · हरियाणा
पटवारी एवं कानूनगो बोले, सरकार के पोर्टल में कई खामियां:मरलों का रकबा कम-ज्यादा हो रहा, प्रधान ने कहा-सरकार दबाना चाह रही
सरकार एवं रेवेन्यू विभाग के पोर्टल में खामियां एवं लंबित मांगों को लेकर पटवारी और कानूनगो एसोसिएशन सिरसा का सांकेतिक धरना आज वीरवार को छठे दिन भी जारी रहा। सभी पटवारी एवं कानूनगो लघुसचिवालय गेट के बाहर पार्क में धरने पर बैठे हैं। एसोसिएशन के जिला प्रधान दलबीर बिशू ने बताया, सरकार उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर है, ताकि धरना समाप्त किया जा सके। वे अपने हकों की लड़ाई लड़ेंगे। पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन से स्टेट उप प्रधान मुकेश पटवारी ने एप की टीम को दिए बयान में बताया, 20 अगस्त को उन्होंने सांकेतिक धरना प्रदर्शन शुरू किया था। इसके बाद दो-दो दिन करके प्रदर्शन को बढ़ाया गया है। वीरवार को धरने का छठा दिन है। सरकार ने एक पोर्टल लाँच किया है, जिसमें बहुत सारी खामियां है। इसे एक जुलाई को लागू किया था। अब तक पटवारी और कानूनगो ही इसे समझ नहीं पा रहे तो आमजन कैसे समझेंगे। हालांकि, सरकार की ओर से पटवारी एवं कानूनगो के धरना प्रदर्शन के चलते सभी जिलों के डीसी को सख्ती बरतने को लेकर आदेश जारी किए हुए हैं। मगर पटवारी व कानूनगो का धरना जारी है। वीरवार शाम को सरकार की ओर से एसाेसिएशन के साथ मीटिंग बुलाई, जिसमें उनकी मांगों पर सहमति बन सकती है। खरीददार-बेचने वाले का एरिया कम-ज्यादा हो रहा उप प्रधान मुकेश बोले, इस पोर्टल में एकड़ में मरलो का रकबा बढ़ जाता है तो कभी कम हो जाता है। कभी जमीन देने वाला का रकबा साइट से उड़ (शो नहीं होता) जाता है तो कई बार खरीददार का रकबा एप पर दिखाई नहीं देता। रेवेन्यू में 22-23 तरह के इंतकाल होते हैं, परंतु नए सॉफ्टवेयर में 6-7 तरह के इंतकाल दर्ज ही नहीं हो रहे। जैसे पट्टा नामा या तक्शीम के इंतकाल के लिए कमीपेशी या ऐसे इंतकाल दर्ज ही नहीं है। सरकार से कोई रिस्पांस नहीं : मुकेश उप प्रधान मुकेश बोले, सरकार की ओर से अभी तक विशेष रिस्पांस नहीं मिला है। रेवेन्यू विभाग की आईटी टीम मैसेज जारी करती है कि हमने पोर्टल को ठीक कर दिया है और ये दिक्कत सही कर दी है। जब पोर्टल को चलाकर देखते हैं तो उसमें वहीं खामियां मिलती है। पोर्टल खोलकर एरिया वाइज दिखाया है कि कैसे मरला कम या ज्यादा हो रहा है।