Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कलेक्टर-SP ने देखी बिलौआ क्षेत्र की प्रतिबंधित खदानें:निगरानी के लिए 8 चेकिंग पाइंट बनाए, विशेष जांच दल भी किया तैनात

INT News9 August 2026 at 08:41 pm

हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने बिलौआ क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है। डबरा अनुभाग के बिलौआ क्षेत्र में प्रतिबंधित खदानों से किसी भी स्थिति में अवैध उत्खनन और खनिजों के परिवहन को रोकने के लिए रविवार को कलेक्टर रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मवीर सिंह अधिकारियों के अमले के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रतिबंधित खदानों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को हाईकोर्ट के आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रतिबंधित खदानों से पत्थरों और अन्य खनिजों का न तो उत्खनन होना चाहिए और न ही उनका परिवहन किया जाए। अधिकारियों को जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 8 चेकिंग पॉइंट, 24 घंटे निगरानी

कलेक्टर के निर्देश के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बिलौआ और आसपास के संभावित रास्तों पर 8 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए हैं। इन स्थानों पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने विशेष जांच दल (फ्लाइंग स्क्वाड) भी गठित किए हैं। ये दल 24 घंटे क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और अवैध उत्खनन एवं परिवहन की निगरानी कर रहे हैं। लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईकोर्ट के आदेश का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रतिबंधित खदानों में किसी भी तरह का उत्खनन या वहां से खनिजों का परिवहन नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी करने और मौके की वस्तुस्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये अधिकारी रहे मौजूद

क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें एडीएम सीबी प्रसाद, एसडीएम डबरा जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव और जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।