Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तेज बारिश में टीन लगाकर अंतिम संस्कार:पथरिया से सामने आया VIDEO, एसडीएम बोले- नगर पंचायत अधिकारियों से चर्चा करूंगा

INT News9 August 2026 at 10:12 pm

दमोह जिले के पथरिया के वार्ड 14 स्थित मुक्तिधाम में टीन शेड न होने के कारण रविवार दोपहर तेज बारिश के बीच एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार टीन और तिरपाल लगाकर करना पड़ा। इस घटना का वीडियो रात में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद अधिकारी अब जांच की बात कह रहे हैं। वार्ड क्रमांक 14 निवासी 90 वर्षीय पूरन अहिरवार का रविवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। दोपहर में परिजन और वार्डवासी अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। मुक्तिधाम में बारिश से बचाव के लिए कोई स्थायी शेड नहीं था। इस स्थिति में वार्ड पार्षद हरप्रसाद अहिरवार ने वार्डवासियों के साथ मिलकर टीन और तिरपाल की अस्थायी व्यवस्था की। इसी अस्थायी शेड के नीचे बारिश के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। पार्षद ने क्या कहा? पार्षद हरप्रसाद अहिरवार ने बताया कि यह मुक्तिधाम करीब तीन वार्डों के लोगों द्वारा उपयोग किया जाता है और पिछले लगभग 40 वर्षों से यहां अंतिम संस्कार हो रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद से कई बार टीन शेड बनवाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है। कलेक्टर दिए थे निर्देश कुछ दिन पहले जिले के तेंदूखेड़ा के चौरई में भी बारिश के दौरान छाता लगाकर अंतिम संस्कार करने का मामला सामने आया था। उस घटना के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले की नगर परिषदों और नगर पंचायतों को ऐसे मुक्तिधामों को चिन्हित कर टीन शेड बनवाने के निर्देश दिए थे, जहां यह व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद पथरिया के वार्ड 14 स्थित मुक्तिधाम में अब तक शेड नहीं बन सका है। अधिकारी क्या कह रहे? पथरिया की एसडीएम निखत चौरसिया ने बताया कि उन्हें भी टीन लगाकर अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि वह पता करवाएंगे कि मुक्तिधाम में टीन शेड क्यों नहीं लगा और क्या मुक्तिधाम की जमीन को लेकर कोई विवाद है। एसडीएम ने सोमवार को नगर पंचायत के अधिकारियों से इस संबंध में बात करने की बात कही है।