Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कार की टक्कर से दो गायों की मौत:शाजापुर में पनवाड़ी के पास तीन मवेशी घायल, गाड़ी 3 बार गुलाटी खाकर क्षतिग्रस्त

INT News9 August 2026 at 10:08 pm

शाजापुर के नेशनल हाईवे-52 पर रविवार रात करीब 9 बजे सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पनवाड़ी में एक तेज रफ्तार कार सड़क पर बैठे मवेशियों से टकरा गई। इस हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं। किस्मत होटल के पास हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो से तीन बार गुलाटी खाते हुए सीधी खड़ी हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, कार चालक महेश को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मवेशियों के इलाज के लिए नेशनल हाईवे-52 की संबंधित टीम को सूचित किया। कार और चालक को थाने ले जाया गया, जहां चालक से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि यह कार टेस्टिंग के लिए इंदौर से शिवपुरी और शिवपुरी से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पनवाड़ी के पास सड़क पर बैठे मवेशियों से उसकी टक्कर हो गई। थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। घटना की सूचना पर डायल-112 में पदस्थ आरक्षक अनिरुद्ध मीना और पायलट महेंद्र सिंह जादौन भी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।