समाचार · मध्य प्रदेश
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत:2 साल का बच्चा और युवक घायल; ड्राइवर फरार; पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खटखरी बाजार में रविवार रात लगभग 8 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला का 2 वर्षीय बच्चा और बाइक चला रहा युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पटपरा निवासी संदीप पटेल अपनी बहन आरती पटेल और उनके 2 वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से बिझौली से खटखरी बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। खटखरी चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। आरती पटेल सीधे ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे संदीप पटेल और 2 वर्षीय बच्चा भी घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल मऊगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ट्रक मिला, ड्राइवर फरार पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला था। पुलिस ने पीछा कर लगभग दो किलोमीटर दूर ट्रक खड़ा मिला, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।