समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में धर्मांतरित महिला के अंतिम संस्कार पर विवाद:ग्रामीणों ने किया विरोध, मौके पर पहुंची पुलिस, हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार पर बनी सहमति
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के रांवा-कुर्रा गांव में 80 साल की बुजुर्ग महिला सोनबती यादव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि महिला के परिवार ने करीब एक साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की रीति-रिवाज को लेकर विरोध शुरू हो गया। यह मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सोनबती यादव की मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही गांव में विरोध शुरू हो गया। परिवार के धर्मांतरण के कारण यह सवाल उठा कि अंतिम संस्कार किस धार्मिक परंपरा के अनुसार किया जाए। महिला की मौत की खबर मिलते ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अंतिम संस्कार को लेकर आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर भखारा थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक चली समझाइश और विरोध के बाद, महिला का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किए जाने पर सहमति बनी। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिस पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता डाकेश्वर साहू ने बताया कि सोनबती यादव ने ईसाई धर्म अपना लिया था। उनकी मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद की स्थिति बनी। डाकेश्वर के अनुसार, ग्रामीणों ने महिला का अंतिम संस्कार गांव की परंपरा और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार करने की मांग की थी। इस मामले में भखारा थाना प्रभारी अरुण साहू ने जानकारी दी कि रांवा-कुर्रा गांव में विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से चर्चा की। गांव के बड़े-बुजुर्गों ने परिवार के साथ बैठक कर आपसी सहमति बनाई, जिसके बाद महिला का अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल गांव में शांतिपूर्ण माहौल है।