Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

राहुल गांधी के नेतृत्व में 240 सांसदों की ECI से क्यों नहीं हुई मुलाकात? चुनाव आयोग ने बताई पूरी वजह

INT News6 October 2026 at 09:50 pm

INDIA Bloc Protest : चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार शाम प्रेस नोट जारी कर कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से मीडिया के जरिए जताई गई मुलाकात की मांग पर अपनी स्थिति स्पष्ट की. आयोग ने कहा कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने आधिकारिक तौर पर उससे मिलने का समय नहीं मांगा था.

आयोग के मुताबिक, इसके बाद दिल्ली पुलिस के जरिए सूचना मिली कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग को ज्ञापन सौंपना चाहता है.

240 सांसदों के साथ संसद भवन एनेक्सी में बैठक का प्रस्ताव

चुनाव आयोग ने बताया कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने उसे विपक्ष की ओर से करीब 240 सांसदों के समूह के साथ बैठक की मांग की जानकारी दी थी. बैठक का स्थान संसद भवन एनेक्सी प्रस्तावित किया गया था.

आयोग ने इस अनुरोध पर विचार करने के बाद इसे असामान्य और स्थापित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं माना. इसके बाद बैठक के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया.

आयोग ने 2025 की प्रक्रिया का दिया हवाला

चुनाव आयोग ने कहा कि वर्ष 2025 में तय की गई प्रक्रिया के तहत राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि लिखित रूप से बैठक के लिए समय मांगते हैं. इसके बाद आपसी सहमति से आयोग के परिसर में बैठक आयोजित की जाती है.

आयोग के मुताबिक, यही निर्धारित प्रक्रिया है और राजनीतिक दल इसी के तहत उससे मुलाकात कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Explainer: राहुल और अखिलेश ने चुनाव आयोग को क्यों घेरा? SIR से Form-6 तक, जानिए विवाद की 5 बड़ी वजहें

चुनाव आयोग के प्रस्ताव को विपक्षी सांसदों ने ठुकराया

चुनाव आयोग ने स्थिति को सुलझाने के लिए यह प्रस्ताव भी दिया कि उसका सबसे वरिष्ठ कार्यरत अधिकारी खुद बैठक स्थल पर जाकर सांसदों से ज्ञापन प्राप्त कर लेगा.

हालांकि, आयोग के अनुसार विपक्षी सांसदों ने इस प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया.

आयोग ने अपने बयान में कहा कि वह देश की संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ-साथ अपने प्रोटोकॉल और परंपराओं का पूरा सम्मान करता है. आयोग ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय मांगकर उससे मिल सकता है और यह एक सामान्य प्रक्रिया है.

ये भी पढ़ें: VIDEO: 8 घंटे के धरने के बाद राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में, इंडिया ब्लॉक के नेताओं को भी ले गई दिल्ली पुलिस