Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Video: ला इलाहा इल्लल्लाह...BJP नेता राजेंद्र राठौड़ मंच पर पढ़ने लगे कलमा, खुदा-भगवान को एक बताकर बहू के लिए मांगा वोट

INT News14 November 2026 at 02:27 pm

राजेंद्र राठौड़ चूरू जिले के पीथीसर गांव में अपनी बहू कनिका सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में पहुंचे थे. कनिका सिंह जिला परिषद के वार्ड नंबर 23 से बीजेपी की उम्मीदवार हैं. सभा को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा, "मुझे केवल एक बात कहनी है- खुदा एक है, भगवान एक है."

इसके बाद उन्होंने इस्लाम का पहला कलमा पढ़ा. उन्होंने कहा, "ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह." इसका अर्थ है कि अल्लाह के सिवा कोई इबादत के योग्य नहीं है और मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं. उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं.

गांधी के भजन और दोहे का भी किया जिक्र

कलमा पढ़ने के बाद राजेंद्र राठौड़ ने महात्मा गांधी के प्रसिद्ध प्रार्थना भजन की पंक्तियां सुनाईं. इसके बाद उन्होंने हिंदी में एक भक्ति दोहा भी पढ़ा.

उन्होंने कहा, "ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सद्बुद्धि दे भगवान. जात-पात पूछे ना कोई, हरे को भजे सो हरि का होई."

राठौड़ ने इसका संदेश देते हुए कहा कि सभी लोग एक हैं और हमारी रगों में बहने वाला खून भी एक ही है. उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी का जिक्र करते हुए कहा कि इतने वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उनके दामन पर कोई दाग नहीं लगा. उन्होंने कहा कि उन्हें यह कहने में कोई अफसोस नहीं है कि उन्होंने हमेशा इंसानियत और मोहब्बत फैलाने का काम किया है, न कि नफरत का.

BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- यह कलमा नहीं था

राजेंद्र राठौड़ के बयान पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इसे कलमा नहीं कहा जा सकता. मदन राठौड़ के मुताबिक, कलमा अलग होता है और उन्हें इसकी जानकारी है. उन्होंने कहा कि वह कलमे के हर शब्द को जानते हैं और राजेंद्र राठौड़ ने जो पढ़ा, वह कलमा नहीं था.

हालांकि, उन्होंने राजेंद्र राठौड़ को कलमा याद है या नहीं, इस पर कुछ भी कहने से इनकार किया.

राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह के अस्सलाम वालेकुम कहकर अभिवादन करने पर भी मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर कोई नमस्कार करता है तो उसके जवाब में नमस्कार या नमस्ते कहना गलत नहीं है. इसी तरह सलाम वालेकुम का जवाब वालेकुम अस्सलाम देना भी सामान्य बात है.

कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना

राजेंद्र राठौड़ के बयान पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा है. कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि RSS और बीजेपी की विचारधारा समाज को बांटने वाली है. लेकिन वोट हासिल करने के लिए अब बीजेपी नेता महात्मा गांधी के भजन गा रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवारों को टिकट नहीं देती. चतुर्वेदी ने कहा कि जनता बीजेपी की मंशा समझ चुकी है और उसकी विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ वोट करेगी.

कौन हैं राजेंद्र राठौड़?

राजेंद्र राठौड़ राजस्थान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. वह सात बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 1990 में जनता दल के टिकट पर चूरू विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी. इसके बाद 1993, 1998, 2003, 2008, 2013 और 2018 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते.

2008 में उन्होंने तारानगर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था. बाकी चुनावों में वह चूरू से विधायक बने.

राजेंद्र राठौड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी नेताओं में गिने जाते रहे हैं. 2013 से 2018 के बीच वसुंधरा राजे सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी रहे. 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल माना जा रहा था.

हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तारानगर सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस के नरेंद्र बुडानिया से हार गए. वहीं, राजेंद्र राठौड़ की परंपरागत चूरू सीट से बीजेपी के हरलाल सहारन ने जीत दर्ज की.

इस बार उनके परिवार के दो सदस्य जिला परिषद चुनाव लड़ रहे हैं. बहू कनिका सिंह वार्ड नंबर 23 से और बेटे पराक्रम राठौड़ वार्ड नंबर 39 से चुनाव मैदान में हैं.

ये भी पढ़ें: VIDEO: अमेरिका के मिसिसिपी नदी में टैंकर से टकराकर पलटी क्रूज बोट, 129 यात्री थे सवार