समाचार · मध्य प्रदेश
बाणसागर बांध 100 प्रतिशत भरा, 12 रेडियल गेट खोले गए:3 मीटर तक खुले, सोन नदी में 7525 क्यूमेक्स पानी छोड़ा
शहडोल जिले में स्थित बाणसागर बांध लगातार बारिश के चलते पूरी तरह (100 प्रतिशत) भर गया है। शनिवार दोपहर 12 बजे बांध का जलस्तर अपने निर्धारित अधिकतम स्तर 341.64 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया। वर्तमान में बांध में 5429.60 एमसीएम जल भराव मौजूद है। कैचमेंट एरिया में हो रही तेज बारिश के कारण बाणसागर बांध में पानी की आवक 7525.73 क्यूमेक्स दर्ज की गई है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बांध के गेट नंबर 4 से 15 तक, कुल 12 रेडियल गेटों को 3-3 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिया गया है। इन गेटों के साथ-साथ पावर हाउस-3 और स्पिलवे से मिलाकर कुल 7243 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में डिस्चार्ज किया जा रहा है। सोन नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के चलते प्रशासन ने सोन नदी के निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों से पानी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और नदी में न जाने की सख्त अपील की गई है। इसके साथ ही स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक मैदानी टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।