Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

सूर्यकुमार यादव क्या आजमगढ़ से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव? वर्ल्ड कप विजेता कप्तान को लेकर क्यों लग रहे कयास

INT News14 November 2026 at 10:13 pm

UP Election 2027: भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. पोस्ट में उनके आजमगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा किया जा रहा है. इस पोस्ट के सामने आने के बाद क्रिकेट और राजनीति के गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है.

सूर्यकुमार यादव की राजनीतिक एंट्री की चर्चाओं को उनकी हालिया मुलाकातों से जोड़कर देखा जा रहा है. उन्होंने दीपावली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी परिवार के साथ उनकी मुलाकात हुई. इन मुलाकातों के बाद सोशल मीडिया पर उनके राजनीति में आने को लेकर कयास लगाए जाने लगे.

दरअसल, उत्तर प्रदेश में साल 2027 के फरवरी-मार्च तक विधानसभा चुनाव होने हैं. सूर्यकुमार के चुनावी राजनीति में उतरने की अटकलों के पीछे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बिहार पैटर्न को भी आधार बताया जा रहा है. बिहार चुनाव से पहले लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के अन्य प्रमुख नेताओं से मुलाकात की थी. मैथिली ने मुलाकातों को शिष्टाचार भेंट बताया था. जब बिहार चुनाव का ऐलान हुआ, बीजेपी ने मैथिली ठाकुर को चुनाव मैदान में उतार दिया था.

आजमगढ़ और कन्नौज सीट से उम्मीदवारी की चर्चा

चर्चा है कि सूर्यकुमार यादव आजमगढ़ या कन्नौज जैसी सीटों से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं. ये सीटें समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती हैं. सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे बीजेपी की संभावित चुनावी रणनीति से जोड़ रहे हैं. हालांकि, किसी भी सीट से सूर्यकुमार यादव की उम्मीदवारी की पुष्टि नहीं हुई है.

सूर्यकुमार यादव का उत्तर प्रदेश से क्या है कनेक्शन?

महाराष्ट्र के मुंबई में जन्में सूर्यकुमार यादव घरेलू क्रिकेट में भी मुंबई का ही प्रतिनिधित्व करते हैं. सूर्यकुमार यादव का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी है. गाजीपुर जिले के हथौड़ा गांव के मूल निवासी सूर्यकुमार यादव साल 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य थे. साल 2026 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के वह कप्तान भी थे.

यह भी पढ़ें: 'आतंकियों और अपराधियों को मिट्टी में दफन कर दिया', CM योगी की दो टूक, देश विरोधी ताकतों के लिए UP में कोई जगह नहीं