Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पंचमुखी हनुमान मंदिर से चांदी के 5 मुकुट चोरी:मैहर में चैनल गेट का कुंदा तोड़कर घुसे चोर, तालाब के पास टूटी मिली दान पेटी

INT News25 October 2026 at 02:39 pm

मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र के बरहिया गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी हो गई। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर मंदिर के चैनल गेट का कुंदा तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान जी के 5 छोटे-बड़े चांदी के मुकुट, चांदी की एक आंख और दान पेटी चोरी कर ले गए। रविवार सुबह दान पेटी तालाब के पास टूटी हुई मिली। पुजारी की शिकायत पर नादन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, बरहिया निवासी पुनेशानंद महाराज (45), पिता चंडिका प्रसाद तिवारी, पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे रामायण पाठ संपन्न होने के बाद मंदिर में ताला लगाया था। इसके बाद वे मंदिर के पास बनी अपनी कुटिया में सोने चले गए। सुबह तालाब के पास मिली टूटी दान पेटी 25 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे धीरज विश्वकर्मा के बेटे ने पुजारी को बताया कि मंदिर की दान पेटी तालाब के पास पड़ी है। सूचना पर पुजारी मंदिर पहुंचे तो चैनल गेट का कुंदा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो हनुमान जी के 5 चांदी के मुकुट और चांदी की एक आंख गायब थी। दान पेटी भी मंदिर से गायब थी। पुजारी तालाब के पास पहुंचे तो दान पेटी का ताला टूटा हुआ मिला। उसमें रखी दान की रकम भी गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और नादन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सामान की कीमत का आकलन नहीं पुजारी की शिकायत पर नादन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल चोरी गए चांदी के मुकुट, आंख और दान पेटी से गायब रकम की कुल कीमत सामने नहीं आई है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।