Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रिटायर्ड फौजी व सेवानिवृत्त प्रिंसपल की जोड़ी हाफ मैराथन दौड़ी:भिवानी के धावक प्रतिदिन 10-15 किलोमीटर लगाते हैं दौड़, झज्जर में किया बेहतर प्रदर्शन

INT News25 October 2026 at 03:53 pm

भिवानी के 2 बुजुर्ग धावकों ने झज्जर के मेट सिटी में आयोजित हाफ मैराथन में भाग लिया और अच्छा प्रदर्शन किया। भिवानी के सेक्टर-23 निवासी श्रीपाल यादव और सेक्टर-13 के रिटायर्ड प्रिंसिपल रमेश श्योराण ने इस मैराथन में भाग लिया और 21.1 किलोमीटर की लंबी रेस को सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों धावकों ने बेहतरीन स्टेमिना दिखाया। रिटायर्ड प्रिंसिपल करीब 65 वर्षीय रमेश श्योराण ने मेट सिटी इंटरनेशनल हाफ मैराथन की दूरी को 1 घंटा 57 मिनट में तय किया। जबकि करीब 60 वर्षीय रिटायर्ड फौजी श्रीपाल यादव ने 1 घंटा 55 मिनट में फिनिश लाइन पार की। श्रीपाल यादव की इस पूरी दौड़ के दौरान औसत गति 5 मिनट 24 सेकंड प्रति किलोमीटर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि वे सुबह के समय प्रतिदिन 10-15 किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं। बोले- फिटनेस उम्र की मोहताज नहीं

श्रीपाल यादव ने कहा कि फिटनेस किसी उम्र की मोहताज नहीं होती है। नियमित व्यायाम, सही दिनचर्या और अनुशासन से हम जीवन के किसी भी पड़ाव पर स्वस्थ और ऊर्जावान बने रह सकते हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और समाज के सभी वर्गों को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे एक स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। वहीं रिटायर्ड प्रिंसिपल रमेश श्योराण ने कहा कि मैराथन सिर्फ दौड़ना नहीं है, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक जीवनशैली का प्रतीक है। जब वरिष्ठ नागरिक इस तरह के आयोजनों में हिस्सा लेते हैं, तो यह समाज में एक मजबूत संदेश देता है कि उम्र केवल एक संख्या है और दृढ़ संकल्प से बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। दोनों धावकों का यह प्रयास समाज में नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का है। उनका यह प्रदर्शन इस बात को साबित करता है कि यदि मनुष्य में लगन और पक्का इरादा हो, तो किसी भी उम्र में फिटनेस के मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।