समाचार · हरियाणा
पानीपत: क्रेटा ने ढाई साल के ऋतिक को कुचला, मौत:गली में खेल रहा था मासूम, परिजनों का आरोप- मोबाइल में लगा था ड्राइवर
पानीपत के वार्ड 24 के कुलदीप नगर की गली में खेल रहे ढाई साल के मासूम ऋतिक को रविवार दोपहर करीब ढाई बजे क्रेटा कार ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, कार का पहिया बच्चे की छाती के ऊपर से गुजर गया था। हादसे के समय ऋतिक कुलदीप नगर में परिवार के साथ आया हुआ था। परिवार मूलरूप से गांव गढ़ी सरनाई का रहने वाला है और रविवार को माता के पूजन के लिए कुलदीप नगर आया था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गली में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था ऋतिक मृतक के चाचा अजय और दादा ज्ञानी नाथ ने बताया कि रविवार को परिवार कुलदीप नगर में माता के पूजन के लिए आया था। इस दौरान ऋतिक गली में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। आरोप है कि तभी क्रेटा कार लेकर चालक गली में आया। वह मोबाइल पर बात कर रहा था और इसी दौरान लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बच्चे को कुचल दिया। परिजनों के मुताबिक, कार का पहिया ऋतिक की छाती के ऊपर से गुजर गया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन बच्चे की जान नहीं बच सकी। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ ढाई साल के बच्चे की मौत से परिवार सदमे में है। जिस घर में माता के पूजन के लिए परिवार के लोग जुटे थे, वहां हादसे के बाद मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि चालक मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था। इसी लापरवाही के कारण मासूम कार की चपेट में आ गया।