समाचार · मध्य प्रदेश
छोटे भाई ने बड़े भाई को कुल्हाड़ी मारी, मौत:किस्त लेने आए कंपनी के कर्मचारी को पता बताने पर विवाद, पत्नी-बेटा घायल
रीवा से सटे मैहर जिले के हिनौती बघवार में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार टांगी से हमला कर दिया। हमले में रामायण सोंधिया बुरी तरह घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि सिया और अंकित सोंधिया घायल हो गए। घटना रविवार दोपहर रामनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी की किस्त लेने के लिए एजेंसी का एक व्यक्ति रामायण सोंधिया के घर आया था। उसने रामायण की पत्नी से घर का पता पूछा, तो उन्होंने बता दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। धारदार टांगी से हमला कर घायल किया
विवाद बढ़ने पर छोटे भाई रामकिंकर सोंधिया ने धारदार टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। इसमें रामायण गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच बचाव करने आईं पत्नी सिया और बेटा अंकित घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। रामायण को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां कुछ घंटे उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।