समाचार · मध्य प्रदेश
देवास में फोर व्हीलर ने 3 लोगों को रौंदा, मौत:मृतकों में 2 महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल, कार सवार इंदौर से पिकनिक मनाने आए थे
देवास में तेज रफ्तार कार ने पहले तो सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को उड़ा दिया, फिर एक घर के बाहर कुर्सी पर बैठे 80 साल के बुजुर्ग को रौंदते हुए सीधे पेड़ से जा टकराई। बुजुर्ग और दोनों महिलाओं की मौत हो गई। घटना रविवार उदयनगर थाना क्षेत्र में आने वाले गांव दड़ के पास की है। मृतकों की पहचान देवनालिया-जूनापानी इलाके के रहने वाले 80 साल के शंकर पिता मोहन, 40 साल की मनीबाई पति घनश्याम और 45 साल की जमुनाबाई पति सोहन के रुप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कार सवार इंदौर के रेसकोर्स रोड इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो रविवार की सुबह पिकनिक मनाने उदयनगर आए थे। सुबह करीब 11 बजे दड़ गांव के पास उनकी कार काफी तेज रफ्तार में थी। तभी अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़ी मनीबाई और जमुनाबाई को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और घर के बाहर कुर्सी पर धूप सेक रहे 80 साल के शंकर को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई। कार से पिकनिक का सामान और खाना भी मिला है। पुलिस ने ड्राइवर को लिया हिरासत में उदयनगर थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया कि तीनों शवों का बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पकड़ाए ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट कराकर मामले की जांच की जा रही है।