समाचार · झारखंड
सड़क पर गजराज की दस्तक से सिमडेगा में हड़कंप, जंगल लौटे तो लोगों ने ली राहत

सिमडेगा. ठेठईटांगर प्रखंड के जोराम पावर हाउस के पास शुक्रवार शाम दो हाथियों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गयी. सड़क के समीप हाथियों को देखकर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गयी. कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गयी.
हाथियों की मौजूदगी के कारण लोग सहमे रहे. हालांकि कुछ देर बाद दोनों हाथी खिजुरटांड़ जंगल की ओर लौट गये. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
वन विभाग ने लिया स्थिति का जायजा
हाथियों के सड़क के पास पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. विभाग की ओर से ग्रामीणों और राहगीरों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गयी.
वन विभाग ने लोगों को हाथियों को छेड़ने या उनके रास्ते में किसी तरह की बाधा डालने से बचने की सलाह दी है. खासकर रात के समय लोगों से बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने और हाथियों के करीब जाकर फोटो या वीडियो नहीं बनाने की अपील की गयी है. विभाग ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी के दौरान लोग धैर्य रखें और सुरक्षित दूरी बनाकर रहें, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.