national
दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम की धमकी, टॉयलेट में मिला संदेश

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में शुक्रवार दोपहर धमकी भरा संदेश मिला. इससे हड़कंप मच गया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विमान को एहतियातन दिल्ली हवाई अड्डे पर वापस पार्किंग स्थल पर लाया गया. इसके बाद विमान को सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया.
शौचालय में मिला उड़ान रोकने का संदेश
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की दिल्ली-चेन्नई उड़ान संख्या 6E 6091 के एक शौचालय में संदिग्ध संदेश मिला. इसमें लिखा था, ‘6E 6091 को उड़ान न भरने दें.’ हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि संदेश कागज पर लिखा गया था या शौचालय की दीवार पर. संदेश सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया.
एटीसी को फोन पर मिली धमकी की सूचना
अधिकारियों ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को फोन आया था, जिसमें उड़ान को धमकी भरा संदेश मिलने की जानकारी दी गई. इसके बाद विमान को वापस पार्किंग स्थल पर लाने और उसकी गहन जांच कराने का फैसला किया गया. सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को अन्य विमानों से अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे की जांच की जा सके.
जांच के बाद चेन्नई के लिए रवाना हुआ विमान
उड़ान संबंधी जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के अनुसार, एयरबस ए321 नियो विमान से संचालित उड़ान 6ई 6091 के दोपहर करीब 3:15 बजे रवाना होने का निर्धारित समय था. सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को चेन्नई के लिए रवाना कर दिया गया. हालांकि, विमान में सवार यात्रियों की संख्या की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी.
इंडिगो की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
घटना को लेकर विमानन कंपनी इंडिगो की आधिकारिक प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि धमकी भरा संदेश किसने और किन परिस्थितियों में लिखा था. मामले में संदेश के स्रोत और उसकी गंभीरता से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होना बाकी है.
ये भी पढ़ें: हिमंत बिस्वा सरमा बोले- 57 के ‘फेल प्रोडक्ट’ को Gen Z बताकर बार-बार लॉन्च कर रही कांग्रेस