समाचार · पश्चिम बंगाल
झारखंड के इनामी नक्सली दंपती मंगल महतो और मालती मुर्मू ने बंगाल में किया सरेंडर

Naxals Surrender: झारखंड में सक्रिय इनामी माओवादी दंपती मंगल महतो और मालती मुर्मू ने कोलकाता में सरेंडर कर दिया. कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार में पुलिस आयुक्त अजय नंद के सामने शुक्रवार को नक्सली दंपती ने हथियार डाले. इन्होंने एके-47 और इंसास राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया. मंगल और मालती दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. मंगल का घर पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी में और मालती का झारग्राम के गोपीवल्लभपुर में है.
कोलकाता के पुलिस कमिश्नर नंदा ने बताया कि मंगल महतो वर्ष 2011-12 के बाद झारखंड चला गया था. इससे पहले वह वर्ष 2010 में बंगाल में माओवादी संगठन में शामिल था. उस वक्त शालबनी में जन समिति सक्रिय थी. पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि आत्मसमर्पण करने वाला यह माओवादी नेता किशनजी एवं आकाश का करीबी एवं उनका अंगरक्षक रह चुका है.
झारखंड दोनों पर घोषित थे इनाम
पुलिस के मुताबिक, ये दोनों सारंडा इलाके में सक्रिय थे. जहां तक पुलिस को जानकारी है, मंगल के खिलाफ झारखंड में 6-7 मामले चल रहे हैं. झारखंड पुलिस ने मंगल पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है. मालती पर भी 2 लाख रुपए का इनाम रखा गया था.
ये भी पढ़ें: बंगाल-झारखंड में सक्रिय 3 शीर्ष नक्सली कमांडरों ने बांकुड़ा में हथियार के साथ किया सरेंडर
संघर्ष से समाज को बदलना संभव नहीं : मंगल
सरेंडर करने के बाद मंगल महतो ने कहा- सशस्त्र संघर्ष से समाज को बदलना संभव नहीं है. इसलिए हम वह रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते थे. पश्चिम बंगाल में नयी सरकार बनने के बाद हमने यहां आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया.
इसके पहले भी माओवादियों ने किया है सरेंडर
माओवादी नेता पुष्पा उर्फ शकुंतला ने पिछले साल जून में कोलकाता पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था. वह वर्ष 2001 से माओवादी आंदोलन से जुड़ी थी.
मई 2026 में झारखंड में सक्रिय माओवादी नेता श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला को कोलकाता पुलिस ने उत्तर काशीपुर के एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया था.
ये भी पढ़ें: 25 लाख के इनामी माओवादी दंपती समेत 3 नक्सलियों ने कोलकाता में किया सरेंडर
झारखंड में सक्रिय थे बंगाल के 13 नक्सली
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 की शुरुआत में झारखंड में पश्चिम बंगाल के करीब 13 सक्रिय माओवादी शामिल थे. इन्हें अलग-अलग समय पर अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया था. हाल ही में झारखंड से 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. कुछ महीने पहले पुष्पा ने कोलकाता में सरेंडर किया था. बेला को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब मंगल और मालती ने भी कोलकाता पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
ये भी पढ़ें: 10 लाख की इनामी महिला नक्सली ने कोलकाता में किया सरेंडर, झारखंड-ओडिशा सीमा पर थी सक्रिय
कमिश्नर बोले- माओवादियों को भरोसा, कुछ गलत नहीं होगा
इस अवसर पर कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने कहा कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सत्ता परिवर्तन के बाद झारखंड में सक्रिय माओवादी बंगाल आकर सरेंडर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार माओवादियों के लिए विशेष राहत पैकेज दे रही है, ताकि वे मुख्यधारा में लौटें. कमिश्नर ने कहा कि माओवादियों को भरोसा है कि अगर वे सरेंडर करते हैं, तो बंगाल में उनके साथ कछ भी गलत नहीं होगा. उन्होंने कहा कि कभी नक्सलियों का गढ़ रहा जंगलमहल अब खून-खराबे से मुक्त हो गया है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में गिरफ्तार शीर्ष भाकपा माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश का सरेंडर करने का नहीं था इरादा