समाचार · छत्तीसगढ़
DGP अरुणदेव गौतम ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की:निर्माणाधीन SP कार्यालय, नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण; कोटमी लूटकांड टीम की सराहना
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उनके स्वागत में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संवेदनशील इलाकों की स्थिति, लंबित मामलों का निपटारा, महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराध, नशे के खिलाफ कार्रवाई, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। डीजीपी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने, शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने और आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त बढ़ाने, मुखबिर तंत्र मजबूत करने और तकनीक के अधिक उपयोग पर भी जोर दिया। इसके बाद उन्होंने नए पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन और पुलिस नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने कोटमी लूटकांड का जल्दी खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना भी की और कहा कि टीमवर्क और सही जांच से ही ऐसे मामलों का समाधान संभव होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए और जनता के साथ अच्छा व्यवहार रखना चाहिए।