समाचार · छत्तीसगढ़
मंत्री खुशवंत साहेब का विष्णुभोग चावल से सम्मान:कलेक्टर ने जिले की पहचान बने चावल का पैकेट भेंट किया, महिलाओं की मेहनत की सराहना
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का जिला आगमन पर सम्मान किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें जिले की विशिष्ट पहचान और स्थानीय आजीविका का प्रतीक विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर डॉ. देवांगन ने मंत्री खुशवंत साहेब को बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा विष्णुभोग चावल का उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन किया जा रहा है। अपनी विशिष्ट सुगंध, उत्कृष्ट गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के कारण यह चावल जिले की एक विशेष पहचान बन चुका है, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिल रही है। विष्णुभोग चावल की मंत्री ने की सराहना विष्णुभोग चावल के संबंध में जानकारी प्राप्त कर मंत्री खुशवंत साहेब ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का विष्णुभोग चावल जिले की समृद्ध कृषि परंपरा और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है। मंत्री ने आगे कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने और बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे किसानों और महिला समूहों की आय में वृद्धि होगी और जिले की विशिष्ट पहचान प्रदेश और देशभर में स्थापित हो सकेगी। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिले की इस विशिष्ट कृषि उपज और आजीविका गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज खलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।