Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

'फिल्म रिलीज नहीं रोकी तो जान से मार देंगे':दतिया में काला हिरण के प्रोड्यूसर अमित जानी को मिली धमकी, पाकिस्तान के नंबर से आया कॉल

INT News6 July 2026 at 10:59 pm

दतिया में फिल्म 'काला हिरण' के प्रोड्यूसर अमित जानी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को पाकिस्तानी आतंकी बताने वाले शहजाद भट्टी ने उन्हें व्हाट्सएप पर ऑडियो और वीडियो भेजकर फिल्म रिलीज नहीं करने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी अमित जानी दतिया के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। वह श्री पीतांबरा पीठ मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। इसी दौरान उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने शुरू हुए। व्हाट्सएप पर आए कॉल और मैसेज अमित जानी ने बताया कि 6 जुलाई की रात करीब 1 बजे उन्हें पाकिस्तानी नंबर +92*****50 से एक ऑडियो और वीडियो क्लिप भेजी गई। इसके बाद अगली सुबह करीब 9:47 बजे दूसरे पाकिस्तानी नंबर +92*****85 से कॉल आया। शिकायत के अनुसार, कॉल करने वाले ने कहा कि यदि फिल्म की रिलीज नहीं रोकी गई तो उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा। उसने यह भी कहा कि चाहे जितनी सुरक्षा ले लो, हत्या कर दी जाएगी। वीडियो में हथियार दिखाने का दावा अमित जानी ने पुलिस को बताया कि भेजे गए वीडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति भारी हथियारों के साथ दिखाई दे रहा है। उसके पास ग्रेनेड, आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) और अन्य हथियार होने का दावा किया गया है। धमकी मिलने के बाद अमित जानी दतिया कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।