समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा के टिमरनी में बारिश का पानी घरों में घुसा:निकासी व्यवस्था न होने से 24 से ज्यादा घर और छह वार्ड प्रभावित
हरदा जिले के टिमरनी में सोमवार शाम करीब डेढ़ घंटे हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण करीब छह वार्डों और मंडी रोड पर पानी भर गया। इससे लगभग दो दर्जन घरों में बारिश का पानी घुस गया। सोमवार शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे के बीच हुई झमाझम बारिश के बाद वार्ड नंबर 3, 7, 14 और 15 सहित मंडी रोड पर करीब दो-दो फीट तक पानी जमा हो गया। इस घटना के बाद नगर पालिका की मानसून पूर्व तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। पुल निर्माण के कारण बढ़ी समस्या स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड नंबर 3 के पास चल रहा पुल निर्माण जलभराव की मुख्य वजह है। नगर पालिका और पुल का निर्माण कर रही भोपाल की पुनीत चड्ढा कंपनी के बीच तालमेल नहीं होने से नाले का काम सही तरीके से नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि यहां नाले का खुला निर्माण होना था, लेकिन एक तरफ पाइप डाल दिए गए। इससे पानी की निकासी रुक गई और वार्ड नंबर 3 के करीब दो दर्जन घरों में दो-दो फीट तक पानी भर गया। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका की मानसून पूर्व तैयारियों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि समय रहते निकासी की व्यवस्था की जाती तो जलभराव की स्थिति नहीं बनती।