Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत:सतरेंगा में दोस्तों संग पिकनिक पर गया युवक नदी में डूबा, 24 घंटे बाद मिला शव

INT News6 July 2026 at 10:13 pm

कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को हुई इस घटना के बाद सोमवार सुबह करीब 24 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने उनका शव बरामद किया। कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा गए थे। बताया गया कि सभी दोस्त नदी में बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सुभांशु वापस लौटते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सुभांशु के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद श्यांग पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा और नदी में तेज बहाव के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। 24 घंटे बाद मिला युवक का शव सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11:30 बजे सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। शव को फिलहाल एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है और मंगलवार को मृतक की मां के आने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। अनुकंपा नियुक्ति के तहत मिली थी नौकरी सुभांशु के परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी क्षति है। चार साल पहले उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत थे। इस घटना के बाद सतरेंगा पहुंचे अन्य पर्यटकों में भी चिंता देखी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी और जलाशयों के गहरे इलाकों में जाने से बचें और अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।