समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में झमाझम बारिश का असर:रेलवे स्टेशन की छत से झरने की तरह बहा पानी, यात्री होते रहे परेशान
सोमवार शाम राजधानी भोपाल में हुई तेज बारिश का असर शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। बारिश के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म की छत से बड़ी मात्रा में पानी रिसने लगा। स्थिति ऐसी बनी कि छत से पानी झरने की तरह लगातार गिरता रहा और प्लेटफॉर्म पर पानी भरने लगा। इस दौरान यात्रियों को सामान के साथ आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें प्लेटफॉर्म की छत से तेज धार के रूप में पानी गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं प्लेटफॉर्म पर पानी जमा होने से कई यात्री बचते-बचाते निकलते नजर आए। उस समय प्लेटफॉर्म पर ट्रेन भी खड़ी थी, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश के बीच स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा में इस तरह की स्थिति सामने आने के बाद रेलवे की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि मानसून के दौरान स्टेशन परिसर में जल निकासी और छतों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है, ताकि यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। यह समस्या स्टेशन के ड्रेनेज सिस्टम में आई रुकावट के कारण हुई। अधिकारियों के अनुसार, तेज बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म शेड पर जमा पानी की निकासी के लिए बनाए गए ड्रेनेज होल अवरुद्ध हो गए थे, जिससे पानी ऊपर जमा होने लगा और बाद में एक साथ प्लेटफॉर्म पर गिरने लगा। यही स्थिति प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 5 पर भी कई स्थानों पर देखने को मिली, जहां छत से पानी टपकता नजर आया। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने इंजीनियरिंग टीम को मौके पर भेजा। टीम ने तत्काल ड्रेनेज सिस्टम की जांच कर अवरुद्ध निकासी मार्ग को दुरुस्त किया, जिसके बाद पानी का रिसाव बंद हो गया। स्टेशन अधिकारियों का कहना है कि बारिश असामान्य रूप से तेज होने के कारण यह स्थिति बनी थी, हालांकि शिकायत मिलते ही मरम्मत कर व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया।