समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में शादी से पहले दूल्हे पर हमला:दूल्हन पहुंची थाने, बोली- युवक ने धमकी दी थी, घर में घुसकर की मारपीट;पुलिस जुटी जांच में
जबलपुर के गोराबाजार क्षेत्र में शादी से ठीक पहले दूल्हे के परिवार पर हमला और घर में घुसकर तोड़फोड़-मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले दूल्हे पर हमला किया गया, फिर रात में 30 से 40 युवक घर में घुस आए और महिलाओं से मारपीट व अभद्रता की। घटना के बाद शादी रुक गई। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि थाने में शिकायत के बावजूद दो दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की गई। पहले दूल्हे को घेरकर पीटा पीड़ित रहीम खान के परिवार के मुताबिक उसकी शादी जबलपुर की एक युवती से तय हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह होना था और घर में तैयारियां चल रही थीं। 12 जुलाई की शाम रहीम किसी काम से बाहर गया था। इसी दौरान उसके पास एक फोन आया और लोकेशन पूछी गई। कुछ देर बाद तीन-चार युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। रात में 30-40 युवक घर में घुसे रहीम की बहन रोशन आरा ने बताया कि उसी रात करीब 8 से 9 बजे के बीच 30 से 40 युवक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। परिवार का आरोप है कि घर में पुरुष नहीं होने का फायदा उठाकर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और घर में आग लगाने की भी कोशिश की गई। बीच-बचाव करने वाली महिलाओं को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। परिवार का कहना है कि पूरी घटना के CCTV फुटेज और वीडियो उनके पास मौजूद हैं। दुल्हन बोली- शादी की तो जान से मारने की धमकी एसपी कार्यालय पहुंची युवती ने बताया कि वह और रहीम एक-दूसरे को पसंद करते हैं और दोनों परिवारों की सहमति से शादी कर रहे थे। उसका आरोप है कि बेलबाग निवासी आदित्य बैन लगातार उसे और रहीम को धमकी दे रहा था कि "अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।" युवती ने बताया कि कुछ वर्ष पहले तक उसकी आरोपी से दोस्ती थी, लेकिन बाद में उसने जबरन शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिवार की मर्जी से रहीम से विवाह तय होने के बाद आरोपी लगातार धमकियां दे रहा था। परिवार का आरोप- कार्रवाई नहीं हुई, रहीम लापता पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद गोराबाजार थाने में शिकायत की गई, लेकिन दो दिन तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी दावा है कि हमले के बाद से रहीम लापता है। मंगलवार को परिवार और युवती ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।