समाचार · हरियाणा
पानीपत: नौंवी कक्षा के छात्र ने फंदा लगा दी जान:सुबह पिता से तबीयत खराब होने की बात कहकर स्कूल नहीं गया चिराग; मां सब्जी लेने गई, दो बहनों का इकलौता भाई
पानीपत के तहसील कैंप क्षेत्र में शुक्रवार को 15 वर्षीय छात्र ने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र की पहचान चिराग के रूप में हुई है। वह विक्टर पब्लिक स्कूल, तहसील कैंप में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। घटना के समय उसकी मां सब्जी लेने के लिए घर से बाहर गई हुई थी। पिता फैक्टरी में काम करने गए थे। परिवार के घर लौटने पर घटना का पता चला। चिराग दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। तबीयत खराब होने की कही बात परिवार फतेहपुरी चौक के पास पूर्ण डॉक्टर वाली गली में किराये के मकान में रहता है। शुक्रवार सुबह चिराग ने पिता राकेश कुमार से तबीयत खराब होने की बात कही थी। उसने कहा था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह स्कूल नहीं जाएगा। इसके बाद पिता अपने काम पर फैक्टरी चले गए। कुछ समय बाद मां भी घर से सब्जी लेने के लिए बाजार गई थी। इसी दौरान चिराग घर पर अकेला था। मां ने देखा बेटे का शव बताया जा रहा है कि मां जब सब्जी लेकर घर लौटी तो चिराग को कमरे में फंदे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान जा चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। दो बहनें भी थी बाहर चिराग की दो बहनें हैं। इनमें एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी बच्चों को पढ़ाती है। परिवार में चिराग इकलौता बेटा था। पिता राकेश कुमार फैक्टरी में काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। किराये के मकान में रहने वाले परिवार पर इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।