Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नागद्वारी यात्रा में एंबुलेंस को घेरा, 31 श्रद्धालु जबरन बैठे:दवाइयां-स्ट्रेचर बाहर फेंके; ड्राइवर-स्टाफ को धमकाया, नागद्वारी यात्रा में गाड़ियों की कमी के कारण अव्यवस्था

INT News10 August 2026 at 03:41 pm

नर्मदापुरम के पचमढ़ी में नागद्वारी यात्रा में जा रहे कुछ लोगों ने एक एंबुलेंस को रोक लिया और जबरन उसमें बैठ गए। रविवार रात जलगली क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से गाड़ियों की कमी हो गई। इससे अव्यवस्था की स्थिति बनी और कुछ श्रद्धालुओं ने मरीज को लेकर पचमढ़ी अस्पताल जा रही एंबुलेंस को घेर लिया। एंबुलेंस में रखी दवाइयां, स्ट्रेचर और अन्य सामग्री बाहर निकालकर फेंक दी गई। इस दौरान ऑन ड्यूटी चिकित्सकीय स्टाफ से अभद्रता भी की गई। एंबुलेंस में जबरन बैठे 31 लोग शिकायत के अनुसार, इसके बाद 31 लोग जबरन एंबुलेंस में बैठ गए। उन्होंने ड्राइवर पुरुषोत्तम राजपूत को धमकी दी कि अगर सभी को पचमढ़ी नहीं ले गए तो मारपीट करेंगे। डर के कारण ड्राइवर एंबुलेंस से 31 लोगों को पचमढ़ी तक लेकर आया। एंबुलेंस से श्रद्धालुओं के उतरने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें 21 महिला-पुरुष और 11 बच्चे उतरते नजर आ रहे हैं। पचमढ़ी थाने में लिखित शिकायत मामले में सोमवार को एंबुलेंस ड्राइवर पुरुषोत्तम राजपूत और ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने नागद्वारी मेला के नोडल अधिकारी और पिपरिया बीएमओ के माध्यम से पचमढ़ी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी। पचमढ़ी थाना प्रभारी गोपाल घोसले ने बताया कि रविवार रात जलगली से पचमढ़ी आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई थी। वापस आने में श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। एंबुलेंस ड्राइवर और हेल्थ स्टाफ से अभद्रता की जानकारी मिली है। मामले का पता किया जा रहा है। बता दें यात्रा में दो दिन में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु पचमढ़ी पहुंचकर नागद्वारी यात्रा पूरी कर चुके हैं।